कोरबा 15/11/2026: कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र अंतर्गत गेवरा इलाके में एक सड़क हादसे में एसईसीएल (SECL) में कार्यरत जूनियर टेक्निकल इंस्पेक्टर रूपचंद देवांगन घायल हो गए हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर से आरजीएम (RGM) गेवरा कार्यालय के पास नाश्ता करने जा रहे थे। इस दुर्घटना में उनके सिर, कंधे, कमर और घुटने में चोटें आई हैं, और उनका इलाज गेवरा के नेहरू शताब्दी अस्पताल में जारी है।

पीड़ित रूपचंद देवांगन के अनुसार, वह अपनी तय दिशा में सही तरीके से स्कूटर चला रहे थे। इसी दौरान CWS कार्यालय के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनके स्कूटर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन स्कूटर को सड़क पर करीब 200 मीटर तक रगड़ते हुए आगे निकल गया।
पुलिस अधिकारी पर लापरवाही और बदसलूकी का आरोप रूपचंद का आरोप है कि गाड़ी रुकने के बाद उसमें से एक पुलिस अधिकारी (एएसआई) उतरे, जिनके कंधे पर एक स्टार लगा हुआ था। घटना के समय वह फोन पर व्यस्त थे और उन्होंने लापरवाही से कहा कि ‘ऐसा हो जाता है।’ पीड़ित का यह भी कहना है कि जब आसपास मौजूद लोगों ने दुर्घटना के बाद अधिकारी से घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए कहा, तो उसने गाड़ी खराब होने का बहाना बनाकर मदद करने से इनकार कर दिया और मौके से चला गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि सिर पर हेलमेट होने की वजह से रूपचंद किसी बड़ी और गंभीर दुर्घटना से बाल-बाल बच गए।
अस्पताल पहुंचे अधिकारी घटना के बाद सहकर्मी रूपचंद को तुरंत नेहरू शताब्दी अस्पताल लेकर पहुंचे। कुछ समय पश्चात आरोपी एएसआई भी अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों से मिलने के बाद वह वहां से रवाना हो गया। घायल कर्मचारी ने इस पूरे हादसे की जानकारी देते हुए न्याय की गुहार लगाई है, और पुलिस प्रशासन से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।




