कोरबा 22/10/2026 :छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र से एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। पिछले तीन दिनों से लापता 7 वर्षीय मासूम बच्ची भव्या जोशी का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे बरामद हुआ है। इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

19 अक्टूबर से लापता थी मासूम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सक्ती जिले के ग्राम फगुरम निवासी प्रकाश जोशी पिछले लगभग चार महीनों से अपने चार बच्चों के साथ रजगामार स्थित करीम पोल्ट्री फार्म में रहकर काम करते थे।
बताया जा रहा है कि गत 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर लगभग 1:30 बजे प्रकाश जोशी ने अपनी बेटी भव्या को पास ही स्थित राशन दुकान से सामान लेने भेजा था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब मासूम घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने रजगामार पुलिस चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पोल्ट्री फार्म के पीछे मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
गुरुवार को बच्ची का शव पोल्ट्री फार्म के पीछे मिलने से क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल है। बच्ची की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसके पीछे कोई आपराधिक षड्यंत्र है, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।




