कोरबा 21 सितंबर 2026 SepticTankKand :उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए चर्चित ‘नीले ड्रम कांड’ की यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाला ‘सेप्टिक टैंक कांड’ सामने आया है। मेरठ में जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी, वहीं कोरबा के श्यांग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरपाली में एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर शव को घर के सेप्टिक टैंक में छिपा दिया। हत्या के करीब एक महीने बाद रक्षाबंधन पर जब महिला अपने मायके नहीं पहुंची, तब परिजनों की खोजबीन के बाद इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, बरपाली निवासी मनोज उरांव के साथ 33 वर्षीया संतोषी पिछले दो सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मनोज शराब का आदी था और आए दिन विवाद करता रहता था। 27 अगस्त को नशे में धुत होकर घर पहुंचे मनोज का संतोषी से किसी बात पर विवाद हो गया। उसने संतोषी के साथ जमकर मारपीट की। पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ, लेकिन देर शाम मनोज ने फिर से संतोषी को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से संतोषी के शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में फेंक दिया और ढक्कन बंद कर दिया। अगले दिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर जब संतोषी अपने भाई के घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने मनोज से संपर्क किया। आरोपी ने झूठ बोलते हुए कहा कि संतोषी एक दिन पहले ही कहीं चली गई है। काफी दिनों तक खोजबीन के बाद भी जब संतोषी का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों का संदेह गहरा गया। पुलिस की पड़ताल और सेप्टिक टैंक से शव बरामद होने के बाद मामले की पुष्टि हुई। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी मनोज की तलाश शुरू कर दिया है।







