सक्ती छत्तीसगढ़ 18 सितंबर 2026Mobile Addiction : सक्ती जिले में रेलवे पटरी के पास मोबाइल में व्यस्त रहने का एक गंभीर और दर्दनाक मामला सामने आया है। कुछ बच्चे रेलवे ट्रैक पर बैठकर अपने मोबाइल में फ्री-फायर गेम खेल रहे थे। खेल में अत्यधिक मशगूल होने के कारण बच्चों का ध्यान आसपास के माहौल और आने-जाने वाली ट्रेनों पर नहीं गया।

इसी दौरान पटरी पर अचानक एक तेज रफ्तार मालगाड़ी आ गई। ट्रेन को अचानक अपने बेहद करीब देखकर बच्चों में अफरा-तफरी मच गई। भागने की कोशिश के बावजूद एक बच्चा मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है।
ईयरफोन के कारण नहीं सुनी ट्रेन की आवाज घटना के समय मौजूद दो अन्य दोस्त भी ईयरफोन लगाकर मोबाइल इस्तेमाल कर रहे थे। कान में ईयरफोन लगे होने की वजह से उन्हें मालगाड़ी के आने की आहट या हॉर्न की आवाज समय पर सुनाई नहीं दी। हालांकि, वे ऐन मौके पर पटरी से हट गए और बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले बच्चे प्रसाद लेने गए थे, जिसके बाद वे रेलवे ट्रैक के पास बैठकर गेम खेलने लगे। जैसे ही हादसे की खबर परिजनों तक पहुंची, परिवार में हड़कंप मच गया और वे तुरंत अस्पताल पहुंचे।
रेलवे ट्रैक पर मोबाइल का इस्तेमाल जानलेवा
रेलवे प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना के बाद लोगों को चेतावनी दी है कि रेलवे ट्रैक पर बैठना, गेम खेलना या ईयरफोन का इस्तेमाल करना बेहद जानलेवा साबित हो सकता है। ट्रेन की तेज रफ्तार और ब्रेकिंग दूरी के कारण लोको पायलट के लिए अचानक किसी को बचा पाना संभव नहीं होता।








