स्वास्थ्य मंत्री के स्वागत में पहुंचे एक नेता की 7 लाख की सोने की चेन चोरी, धक्का-मुक्की का फायदा उठा ले गए शातिर चोर
मुजफ्फरपुर 5 सितंबर। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान तुर्की थाना क्षेत्र के सकरी चौक पर एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मंत्री के स्वागत समारोह में जुटी भारी भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने जदयू (JDU) नेता राजेश मंडल के गले से लगभग 34 ग्राम वजन की सोने की चेन पार कर दी, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद पीड़ित नेता ने स्थानीय तुर्की थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

स्वागत की होड़ और धक्का-मुक्की का उठाया फायदा
मिली जानकारी के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का काफिला जैसे ही सकरी चौक पर रुका, उन्हें माला पहनाने और गुलदस्ता देने के लिए कार्यकर्ताओं व समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। कुढ़नी प्रखंड के लदौरा निवासी जदयू नेता राजेश मंडल भी मंत्री का स्वागत करने के लिए भीड़ में सबसे आगे पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। इसी गहमागहमी और धक्का-मुक्की के बीच भीड़ में शामिल किसी शातिर चोर ने बड़ी सफाई से उनके गले से भारी भरकम सोने की चेन उड़ा ली।
काफिला रवाना होने के बाद हुआ अहसास
मंत्री का काफिला आगे रवाना होने के बाद जब राजेश मंडल ने अपने गले पर हाथ रखा, तब उन्हें चेन गायब होने का अहसास हुआ। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया और वे काफी देर तक सड़क पर इधर-उधर अपनी चेन तलाशते रहे। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में भी पीड़ित जदयू नेता परेशान हालत में आसपास के लोगों से पूछताछ करते नजर आ रहे हैं।
सीसीटीवी और वीडियो फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद तुर्की थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। पीड़ित नेता राजेश मंडल की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस की टीम स्वागत समारोह के दौरान बनाए गए वीडियो, मोबाइल क्लिप्स और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि भीड़ का फायदा उठाने वाले संदिग्ध चोरों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।








