रायपुर 5 सितंबर CG Cooperative Bank Recruitment : छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में सहकारिता विभाग ने प्रदेश के पांचों जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की मंजूरी दे दी है।

विभागीय आदेश के अनुसार, स्वीकृत पदों में जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के विभिन्न संवर्गों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में समिति प्रबंधक के 1,162 पद शामिल हैं। समिति प्रबंधक के 1,162 पदों में से 596 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी, जबकि 566 पद सीमित चयन (प्रमोशन/विभागीय प्रक्रिया) के माध्यम से भरे जाएंगे।
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने बताया कि हाल ही में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों और समितियों में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए थे। बैंकों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों का कर्मचारी सेवा नियमों, आरक्षण प्रावधानों और वित्तीय मानदंडों के तहत सूक्ष्म परीक्षण करने के बाद विभाग ने भर्ती की आधिकारिक अनुमति जारी कर दी है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, जिनके जरिए किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, खाद-बीज और अन्य योजनाओं का सीधा लाभ मिलता है। समिति प्रबंधकों और बैंक कर्मचारियों की नियुक्ति से पैक्स समितियों का संचालन बेहतर होगा, साथ ही डिजिटलाइजेशन और कम्प्यूटरीकरण के कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने अधिकारियों को पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।







