काठमांडू 1 सितंबर 2026 Cash and Gold Recovered । नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच रेस्क्यू टीमों को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। नुवाकोट के त्रिशूली स्थित ‘कृषि विकास बैंक’ की शाखा, जो भोटेकोशी नदी के उफान में पूरी तरह जलमग्न हो गई थी, वहां से करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और 1.5 करोड़ रुपये की नकदी सुरक्षित बरामद कर ली गई है।

गत 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में आए सैलाब ने इलाके में भारी तबाही मचाई थी। नदी तट पर स्थित बैंक परिसर में कई फीट पानी भर जाने के बाद यह आशंका जताई जा रही थी कि तिजोरी में रखी नकदी और सोना-चांदी सैलाब के तेज बहाव में बह गए होंगे। हालांकि, पानी का स्तर कम होते ही राहत और बचाव कार्य में जुटी टीम ने पुलिस की मौजूदगी में खोजबीन अभियान शुरू किया।
पुलिस और रेस्क्यू टीमों को करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बैंक लॉकर से यह बहुमूल्य संपत्ति और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित निकालने में सफलता मिली।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बरामद किए गए सभी कीमती सामान को पुलिस सुरक्षा के बीच बेहद सतर्कता के साथ सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया है। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल राहत सामग्री वितरण और मलबे की सफाई का काम तेजी से जारी है।








