रायपुर Chhattisgarh Politics: छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस के आंतरिक चुनावों को लेकर मचे सियासी घमासान पर राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कांग्रेस पार्टी पर जोरदार हमला बोला है। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी को उजागर करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर वर्चस्व की जंग कोई नई बात नहीं है।

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने सीधा निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और विधायक देवेंद्र यादव के बीच की तनातनी पुरानी है। युवा कांग्रेस के चुनावों के बहाने दोनों गुट एक-दूसरे को नीचा दिखाने और अपना दबदबा कायम करने की होड़ में लगे हुए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में चल रही यह खींचतान केवल सत्ता और पद के संघर्ष का नतीजा है, जिससे पार्टी का अंदरूनी कलह एक बार फिर जनता के सामने उजागर हो गया है।
मंत्री गजेंद्र यादव ने आगे कहा कि कांग्रेस नेता संगठन को मजबूत करने के बजाय व्यक्तिगत वर्चस्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। युवा कांग्रेस का चुनाव केवल एक जरिया बन गया है जहाँ दोनों गुट एक-दूसरे के खिलाफ शह-मात का खेल खेल रहे हैं। प्रदेश की जनता और युवा सब देख रहे हैं कि कांग्रेस की प्राथमिकता में जनसेवा नहीं, बल्कि आपसी गुटबाजी है।
प्रदेश में छात्रों के आंदोलन को लेकर कहा..
प्रदेशभर में जारी छात्रों के इस आंदोलन के बीच छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने इस पूरे प्रदर्शन को कांग्रेस द्वारा प्रायोजित करार दिया है।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने के लिए बच्चों को आगे कर प्रदर्शन करवा रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस नेताओं के उकसावे के कारण ही स्कूली छात्र सड़कों पर उतरे हैं। सरकार प्रदेशभर में 8 हजार नए शौचालयों का निर्माण करने जा रही है, और कांग्रेस केवल श्रेय लेने की राजनीति कर रही है।”








