📍छत्तीसगढ़ में शिवभक्ति की बयार
भिलाई (छत्तीसगढ़) 24 अगस्त : स्टील सिटी भिलाई के जयंती स्टेडियम परिसर में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय शिव महापुराण कथा का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन राज्य के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय के साथ व्यासपीठ का पूजन-अर्चन करने और कथा श्रवण करने पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की खुशहाली, सुख-शांति और छत्तीसगढ़ की निरंतर समृद्धि की प्रार्थना की।

कण-कण में बसे हैं महादेव: मुख्यमंत्री
श्रद्धालुओं के विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या की पावन जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है।

राज्य का कोना-कोना देवाधिदेव महादेव की असीम कृपा से अभिसिंचित है। उन्होंने प्रदेश के प्रमुख शिवधामों का उल्लेख करते हुए बताया:
-
रायपुर: हटकेश्वर महादेव
-
कबीरधाम: भोरमदेव मंदिर
-
राजिम: कुलेश्वर महादेव
-
गरियाबंद: भूतेश्वर महादेव
-
सिरपुर: गंधेश्वर महादेव
-
जशपुर: मधेश्वर महादेव
-
चम्पारण: चम्पेश्वर महादेव
उन्होंने कहा कि इन सभी पौराणिक एवं प्राचीन स्थलों के आशीर्वाद से ही प्रदेश आज विकास और समृद्धि के नए पथ पर अग्रसर है।
चारधाम की तर्ज पर विकसित होंगे 5 प्रमुख शक्तिपीठ
सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के संरक्षण का संकल्प दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के पाँच प्रमुख शक्तिपीठों को ‘चारधाम’ की तर्ज पर भव्य और सुनियोजित ढंग से विकसित किया जा रहा है।
-
सूरजपुर की कुदरगढ़ी माता
-
चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी
-
रतनपुर की मां महामाया
-
डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी
-
दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी
इस वृहद योजना से न केवल श्रद्धालुओं को उच्च स्तरीय आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि प्रदेश में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को भी एक नई अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त होगी।
धार्मिक यात्राओं को मिल रहा प्रोत्साहन
राज्य सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा कराने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया:
-
श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना: इस योजना के तहत अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
-
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: योजना को पुनः शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से देश के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर नागरिकों को उपलब्ध कराया जा रहा है।
पंडित प्रदीप मिश्रा का आभार
मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर स्वागत किया और कहा कि उनके माध्यम से जन-जन तक शिवभक्ति और सनातन मूल्यों का अलख जग रहा है। भिलाई में लगातार तीसरी बार इस विशाल कथा का सफल आयोजन होना यहाँ के नागरिकों की अटूट आस्था का प्रमाण है।
कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल और आयोजन समिति के दया सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।








