बिलासपुर, 15 जुलाई 2026 बिलासपुर जिले में सड़कों को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए यातायात पुलिस ने एक बड़ी व अनूठी पहल की है। पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देशों पर जिले के विभिन्न संवेदनशील मार्गों के पास रहने वाले 120 नागरिकों को ‘चेतना यातायात मितान’ के रूप में चुना गया है।
Advt

हाल ही में आयोजित एक दिवसीय विशेष कार्यशाला में डीआईजी और एसएसपी श्री रजनेश सिंह के हाथों इन सभी नव-चयनित मितानों को सड़क सुरक्षा मितान किट, एक विशेष ड्रेस कोड (टी-शर्ट) और कैप वितरित की गई, ताकि वे जरूरत पड़ने पर यातायात प्रबंधन में पुलिस का सहयोग कर सकें।
‘गोल्डन ऑवर’ और तात्कालिक राहत का मिला प्रशिक्षण
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यशाला में विषय विशेषज्ञों द्वारा मितानों को सड़क दुर्घटनाओं के समय ‘गोल्डन ऑवर’ (दुर्घटना के ठीक बाद का कीमती समय) में घायलों को त्वरित रेस्क्यू और प्राथमिक उपचार देने की बारीकियां सिखाई गईं। इसके अलावा, उन्हें हिट एंड रन मामलों और अन्य सड़क हादसों में मिलने वाली सरकारी क्षतिपूर्ति व जनहित योजनाओं (जैसे राहगीर योजना और प्रधानमंत्री राहत योजना) के बारे में भी जागरूक किया गया।
मास्टर ट्रेनर के रूप में शिक्षक और NCC-NSS अधिकारी तैयार
इस अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए जिले के विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों, NCC, NSS और स्काउट गाइड के कार्यक्रम अधिकारियों को विशेष रूप से ‘मास्टर ट्रेनर’ के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। ये मास्टर ट्रेनर अब अपने-अपने शिक्षण संस्थानों में जाकर छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करेंगे।
कार्यशाला के दौरान आधुनिक तकनीकों जैसे I-RAD (Integrated Road Accident Database) और e-DAR (Electronic Detailed Accident Report) के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि ऑनलाइन प्रविष्टियों के जरिए सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का डेटा संचय किया जा सके।
गरिमामयी उपस्थिति
इस विशेष कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिवचरण परिहार, आर आई भूपेंद्र गुप्ता, आईटीएमएस से वाई श्रीनिवास, समीर चंद्राकर (NIC), लायंस क्लब के अध्यक्ष शैलेश बाजपेयी सहित स्काउट गाइड, नागरिक संगठनों के सदस्य और 300 से अधिक यातायात मितान व शिक्षक उपस्थित थे।








