कटघोरा/कोरबा 23 मई। बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मानिकपुर अंतर्गत गांधी चौक इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली घरेलू विवाद इतना बढ़ा कि उसने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। गुस्से में आए पति पर अपनी ही पत्नी की जान लेने का गंभीर आरोप लगा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
Advt

कहासुनी बनी काल, पसरा सन्नाटा
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान संगीता मरावी के रूप में हुई है, जो अपने पति बलिराम मरावी के साथ दमऊकुड़ा (गांधीनगर, पंचायत मानिकपुर) में रहती थी। बताया जा रहा है कि बीते दिनों पति-पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला बेहद गंभीर रूप ले लिया, जिसके परिणामस्वरूप संगीता मरावी की मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मुस्तैदी के साथ मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान: “मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। आरोपी पति से पूछताछ की जा रही है।”
इस दर्दनाक घटना के बाद से मानिकपुर और आसपास के ग्रामीणों में गहरा शोक है। पुलिस जल्द ही इस मामले में वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आगे का खुलासा करने की बात कह रही है।








