Home » व्यवसाय » सरगुजा के विकास को लगेंगे पंख: माँ महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा का ऐतिहासिक आगाज़

सरगुजा के विकास को लगेंगे पंख: माँ महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा का ऐतिहासिक आगाज़

Share:

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज प्रातः 10 बजे रायपुर से वर्चुअल माध्यम से इस विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे

रायपुर/अम्बिकापुर 30 मार्च 2026 : उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के लिए आज 30 मार्च 2026 का दिन एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज होने जा रहा है। माँ महामाया एयरपोर्ट, दरिमा (अम्बिकापुर) से देश के प्रमुख महानगरों दिल्ली एवं कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा की शुरुआत हो रही है। इस पहल से क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ ही सरगुजा में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज प्रातः 10 बजे रायपुर से वर्चुअल माध्यम से इस विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर अंबिकापुर के पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहेंगे।


उड़ानों का विस्तृत शेड्यूल

नई हवाई सेवा के अंतर्गत एलायंस एयर (Alliance Air) द्वारा 72-सीटर एटीआर विमान का संचालन किया जाएगा।

1. दिल्ली – अम्बिकापुर – दिल्ली (सोमवार और बुधवार)

  • सोमवार: फ्लाइट सुबह 7.50 बजे दिल्ली से उड़कर 10.25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी, वहां से 10.50 बजे रवाना होकर 11.35 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 12.05 बजे अंबिकापुर से उड़कर 2.35 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

  • बुधवार: सुबह 7.50 बजे दिल्ली से सीधी फ्लाइट 10.25 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। फिर 10.50 बजे अंबिकापुर से निकलकर 11.35 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और वहां से 12.00 बजे उड़ कर 2.40 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

2. कोलकाता – अम्बिकापुर – कोलकाता (गुरुवार और शनिवार)

  • शनिवार: सुबह 7.05 बजे कोलकाता से उड़कर 8.55 बजे बिलासपुर पहुंचेगी, फिर 9.20 बजे वहां से रवाना होकर 10.00 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। इसके बाद 10.25 बजे अंबिकापुर से उड़कर 12.15 बजे कोलकाता पहुंचेगी।

  • गुरुवार: सुबह 7.05 बजे कोलकाता से सीधी फ्लाइट 8.50 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। फिर 9.15 बजे अंबिकापुर से निकलकर 9.55 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और वहां से 10.20 बजे उड़कर 12.05 बजे कोलकाता पहुंचेगी।


क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अम्बिकापुर सरगुजा संभाग का मुख्यालय होने के साथ उत्तर छत्तीसगढ़ का प्रमुख प्रशासनिक और शैक्षणिक केंद्र है। यह क्षेत्र मैनपाट, तातापानी और विभिन्न जलप्रपातों जैसे पर्यटन स्थलों से समृद्ध है। हवाई सेवा शुरू होने से:

  • व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी और निवेश के अवसर बढ़ेंगे।

  • स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होगा।

  • पर्यटन, होटल और परिवहन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

  • गंभीर मरीजों को महानगरों में शीघ्र उपचार के लिए एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधा का लाभ मिल सकेगा।

एयरपोर्ट की खासियतें

माँ महामाया एयरपोर्ट का विकास केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ (UDAN) योजना के तहत किया गया है।

  • 365 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट के रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया है।

  • लगभग 48.25 करोड़ रुपये की लागत से यहाँ डीजीसीए मानकों के अनुरूप सिविल और विद्युतीकरण कार्य कराए गए हैं।

  • टर्मिनल भवन को 72 यात्रियों की क्षमता के अनुरूप अपग्रेड किया गया है और यहाँ 100 वाहनों की पार्किंग के साथ फोरलेन सड़क की सुविधा भी उपलब्ध है।


।।।

Leave a Comment