मकान मालिक ने लिखित में दिया आश्वासन
कोरबा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड 12 नई बस्ती (लक्ष्मण वन तालाब मोहल्ला) में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ एक निर्माणाधीन मकान की पुरानी बाउंड्रीवॉल जेसीबी की टक्कर से भरभरा कर गिर गई। इस मलबे में दबने से डेढ़ वर्षीय मासूम गणेश कर्ष की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
6 घंटे तक चला विरोध प्रदर्शन
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और बस्तीवासियों ने रात 9 बजे कोतवाली के सामने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारी मकान मालिक विकास डालमिया को मौके पर बुलाने और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को बिगड़ता देख तहसीलदार बजरंग साहू, वार्ड पार्षद तामेश अग्रवाल, भोलू यादव और पूर्व पार्षद सुफलदास महन्त सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। कोतवाली में चली लंबी चर्चा के बाद, रात करीब 3 बजे मकान मालिक के प्रतिनिधि और प्रशासन के बीच समझौता होने पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
लापरवाही का मंजर: बाइक और ऑटो भी हुए क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेसीबी ऑपरेटर की लापरवाही से दीवार का हिस्सा गिरा। दीवार के पास ही खड़े होकर मोबाइल चला रहे संजू कर्ष और विशाल यादव भी मलबे में दब गए। संजू का उपचार बिलासपुर और विशाल का उपचार बालको अस्पताल में चल रहा है। इस हादसे में एक बाइक (CG 12 BF 0638) और एक ऑटो (CG 10 T 3245) पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
मकान मालिक ने लिखित में दिया आश्वासन
देर रात हुए समझौते के तहत मकान मालिक विकास डालमिया ने लिखित रूप से निम्नलिखित जिम्मेदारियाँ ली हैं:
-
मृतक के परिवार को मुआवजा: मृतक गणेश के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और इंश्योरेंस क्लेम हेतु वकील उपलब्ध कराना।
-
घायलों का उपचार: दोनों घायल युवकों के इलाज का पूरा खर्च उठाना और अगले एक साल तक इलाज हेतु 4-4 हजार रुपये प्रतिमाह देना।
-
सुरक्षा मानक: भविष्य में निर्माण कार्य सावधानीपूर्वक करना, हरा पर्दा लगाना और बाउंड्रीवॉल को मजबूती से बनाना।
-
वाहनों की मरम्मत: मौखिक चर्चा के अनुसार क्षतिग्रस्त वाहनों की मरम्मत में भी आर्थिक मदद की बात कही गई है।
पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली थाना प्रभारी मोती लाल पटेल ने बताया कि पुलिस ने घटना में प्रयुक्त जेसीबी को जब्त कर लिया है। चालक के विरुद्ध BNS की धारा 106 और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मासूम गणेश का अंतिम संस्कार स्थानीय मुक्तिधाम में किया गया।
बचा हुआ हिस्सा भी खतरनाक
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बाउंड्रीवॉल का जो हिस्सा अभी खड़ा है, वह भी जर्जर है और उसमें जगह-जगह दरारें आ चुकी हैं। बिना कॉलम के बनी इस ऊंची दीवार से कभी भी दोबारा बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।








