Home » स्वास्थ्य » कोरबा को मिली नई सौगात: 100 बेड वाले आधुनिक ‘शिवाय हॉस्पिटल’ का 7 मार्च को होगा शुभारंभ

कोरबा को मिली नई सौगात: 100 बेड वाले आधुनिक ‘शिवाय हॉस्पिटल’ का 7 मार्च को होगा शुभारंभ

Share:

कोरबा, छत्तीसगढ़। ऊर्जा नगरी कोरबा के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ा अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगामी 07 मार्च 2026, शनिवार को शहर में 100 बेड की सर्वसुविधायुक्त स्वास्थ्य संस्था ‘शिवाय हॉस्पिटल’ न्यू बस स्टैंड, टी पी नगर कोरबा का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।

कोरबा प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान अस्पताल के संचालक और प्रसिद्ध न्यूरोसर्जन डॉ. दिविक एच. मित्तल ने बताया कि इस अस्पताल की स्थापना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को महानगरों जैसी उच्चस्तरीय और सुरक्षित चिकित्सा सुविधाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर डॉ. आस्था वैष्णव, डॉ. अमन श्रीवास्तव  डॉ. यशा मित्तल और आशीष भावनानी (B.Arch ) भी उपस्थित रहे।

अस्पताल की प्रमुख विशेषताएं और सुविधाएं:

  • 24×7 आपातकालीन सेवा: किसी भी आपात स्थिति के लिए प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ और आधुनिक लाइफ-सपोर्ट सिस्टम हमेशा उपलब्ध रहेंगे।

  • अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर: अस्पताल में 20 बेड का एडल्ट ICU और बच्चों के लिए विशेष 20 बेड का अत्याधुनिक नवजात शिशु ICU (NICU) तैयार किया गया है।

  • मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर: अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 4 अत्याधुनिक मॉड्यूलर OT स्थापित किए गए हैं।

  • विशिष्ट विभाग: यहाँ न्यूरो सर्जरी, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, जनरल सर्जरी और रेडियोलॉजी जैसे प्रमुख विभाग एक ही छत के नीचे संचालित होंगे।

  • डायग्नोस्टिक सेवाएं: सीटी स्कैन, सोनोग्राफी, डिजिटल एक्स-रे और C-ARM मशीन जैसी सुविधाएं त्वरित जांच में मदद करेंगी।

  • डायलिसिस यूनिट: किडनी रोगियों के लिए आधुनिक डायलिसिस की सुविधा भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी।

छत्तीसगढ़ का पहला ‘स्पाइनल मोबाइलाइज ट्रैक्शन यूनिट’

अस्पताल की सबसे बड़ी विशेषता इसका फिजियोथेरेपी विभाग है। यहाँ एडवांस लेज़र तकनीक और सायटिका के लिए विशेष स्पाइनल डेकोम्प्रेशन मशीन उपलब्ध है। डॉ. मित्तल ने बताया कि छत्तीसगढ़ का पहला स्पाइनल मोबाइलाइज ट्रैक्शन यूनिट यहाँ लगाया गया है, जो स्लिप डिस्क और रीढ़ की हड्डी की समस्याओं के बिना ऑपरेशन उपचार में क्रांतिकारी साबित होगा।

भविष्य की योजनाएं

शिवाय हॉस्पिटल प्रबंधन ने जानकारी दी कि भविष्य में यहाँ कार्डियोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को भी चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा, ताकि मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर न भागना पड़े।

Leave a Comment