कोरकेबा 24 जनवरी 2026
कोरबा 24 जनवरी 2026।कोरबा के टी.पी. नगर स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा परिसर में जल्द ही भव्य विकास कार्य नजर आएंगे। शनिवार को प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य और महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में 40 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न हुआ।

सी.एस.आर. मद से बिछेंगे पेवर ब्लॉक
गुरुद्वारा परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए सी.एस.आर. मद से 40 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत परिसर में उच्च गुणवत्ता वाले पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य किए जाएंगे। उद्योग मंत्री श्री देवांगन ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
“गुरुजी की कृपा से पूरी हुई बहुप्रतीक्षित मांग”
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कहा, “समाज की ओर से साढ़े 38 लाख रुपये के कार्य का प्रस्ताव आया था, लेकिन हमने 40 लाख रुपये स्वीकृत कराए हैं ताकि राशि की कमी न हो। सिख समाज हमेशा से त्याग और वीरता का प्रतीक रहा है, और इस समाज की सेवा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।”
महापौर ने की लंगर हॉल के जीर्णोद्धार की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान समाज की मांग पर महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने गुरुद्वारा स्थित लंगर हॉल के जीर्णोद्धार की बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोरबा के सर्वांगीण विकास के लिए उद्योग मंत्री लगातार फंड की व्यवस्था कर रहे हैं, जिससे हर वार्ड में प्रगति हो रही है। उन्होंने जनता के भरोसे पर खरा उतरने का संकल्प भी दोहराया।
पुरानी यादें हुईं ताजा: मंत्री ने महापौर रहते बनवाया था लंगर हॉल
गुरुद्वारा कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी श्री अमरीक सिंह धंजल ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब श्री लखनलाल देवांगन कोरबा के महापौर थे, तभी उन्होंने वर्तमान लंगर हॉल की सौगात दी थी। उन्होंने तब कहा था कि— “ड्राइंग आपकी होगी और फंड हमारा”। समाज ने उनके तत्कालीन कार्यकाल के कार्यों की जमकर प्रशंसा की।








