3 साल में मिले ₹8.85 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 3,271 नए उद्योगों से 54 हजार से अधिक लोगों को मिला प्रत्यक्ष रोजगार
रायपुर, 26 नवंबर 2026 Chhattisgarh Industrial Growth : छत्तीसगढ़ अब केवल पारंपरिक खनिज और कृषि आधारित उद्योगों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी देश का नया औद्योगिक हब बनकर उभर रहा है। गुरुवार को नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित एक संयुक्त प्रेस वार्ता में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन और उद्योग सचिव श्री रजत कुमार ने राज्य की पिछले तीन वर्षों की औद्योगिक उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।

8.85 लाख करोड़ के निवेश और 2 लाख नए रोजगार की राह
मंत्री श्री देवांगन ने जानकारी दी कि राज्य की रोजगार-आधारित ‘औद्योगिक विकास नीति 2024-30’ और प्रशासनिक सुधारों के चलते प्रदेश को अब तक ₹8.85 लाख करोड़ के 309 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से आगामी वर्षों में लगभग 2 लाख नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। वर्तमान में इनमें से 192 प्रोजेक्ट्स उन्नत चरण में हैं, 160 का निर्माण कार्य जारी है, और 32 इकाइयों में उत्पादन भी शुरू हो चुका है। कुल निवेश में 51% हिस्सेदारी थ्रस्ट सेक्टर्स की है, जबकि 49% पारंपरिक क्षेत्रों की है। प्रदेश के 24 जिलों में औद्योगिक गतिविधियों पर काम शुरू हो चुका है।
3,271 नए उद्योग और आधुनिक सेक्टर्स में छत्तीसगढ़ की एंट्री
पिछले तीन वर्षों के दौरान राज्य में 3,271 नए उद्योग स्थापित किए गए हैं, जिनसे 54,000 से अधिक युवाओं को सीधा रोजगार मिला है। छत्तीसगढ़ में पहली बार गारमेंट, चॉकलेट निर्माण, एआई डेटा सेंटर पार्क, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल बीपीओ, इंट्राओकुलर लेंस और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे हाई-टेक क्षेत्रों में निवेश आ रहा है। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य के 12 जिलों में 24 नए औद्योगिक क्षेत्र और पार्क भी विकसित किए गए हैं।
उद्योगों को ₹1,594 करोड़ की सब्सिडी और स्टार्टअप्स को बढ़ावा
उद्योगों को आर्थिक संबल देने के लिए सरकार ने ₹1,594 करोड़ की सब्सिडी वितरित की है। ‘छत्तीसगढ़ नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30’ के तहत राज्य में अब तक 2,700 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें से 1,500 से ज्यादा पिछले तीन वर्षों में शुरू हुए हैं। इसके अतिरिक्त:
-
विनिर्माण सूक्ष्म इकाइयों को 100% और सेवा सूक्ष्म इकाइयों को 150% स्थायी पूंजी निवेश लाभ दिया जा रहा है।
-
महिला तथा अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग की सूक्ष्म इकाइयों को 25% मार्जिन मनी सब्सिडी और ब्याज मुक्त ऋण की सुविधा दी जा रही है।
-
सरकार जल्द ही ‘उद्यम क्रांति योजना’ भी लाने जा रही है, जिसका प्रारूप प्रक्रियाधीन है।
वन-क्लिक सिस्टम और ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस में ऐतिहासिक सुधार
सचिव श्री रजत कुमार ने बताया कि निवेशकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 25 विभागों की 210 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके माध्यम से महज 28 दिनों के भीतर प्रोत्साहन राशि का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। अब तक 7,000 आवेदन स्वीकृत हुए हैं, जिसमें बस्तर क्षेत्र से आने वाले आवेदनों में 102% की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई है।
राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस एक्ट 2026’ और ‘जन विश्वास एक्ट 2025’ (दो संस्करण लागू करने वाला देश का पहला राज्य, जिसमें 279 अपराधों को गैर-आपराधिक बनाया गया) लागू किया है। साथ ही, भू-डायवर्जन की अनुमति की बाध्यता समाप्त कर दी गई है और ऑनलाइन लैंड मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए 1,548 एकड़ भूमि का डिजिटल आवंटन किया गया है।
निर्यात में 12.19% की उछाल और राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष रैंकिंग
प्रदेश का निर्यात वर्ष 2023-24 के ₹16,681 करोड़ से बढ़कर 2025-26 में ₹18,715 करोड़ तक पहुंच गया है, जो 12.19% की वृद्धि दर्शाता है। अब छत्तीसगढ़ से चीन को 12,000 टन कॉपर कन्संट्रेट, कोस्टा रिका को फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (FRK), पापुआ न्यू गिनी को चावल और ब्रिटेन (UK) को हर्बल उत्पादों का निर्यात किया जा रहा है। राज्य की इस तेज औद्योगिक प्रगति को राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है—नीति आयोग के ‘इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026’ में छत्तीसगढ़ ने पहला स्थान हासिल किया है, जबकि ‘डिरेगुलेशन 2.0’ में देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।




