रायपुर, 27 नवम्बर 2026 Raipur Jandarshan:












राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित ‘जनदर्शन’ कार्यक्रम में 26नवंबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता की एक बार फिर मिसाल देखने को मिली। प्रदेश के विभिन्न जिलों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों से मुख्यमंत्री ने सीधे और आत्मीय संवाद किया। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही आर्थिक सहायता स्वीकृत की, तो वहीं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मासूमों के बेहतर उपचार और जरूरतमंदों की सहायता के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए।
Advt

30 वर्षों का सन्नाटा टूटा, 83 वर्षीय परसराम को मिली नई रोशनी और आवाज
कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड स्थित भलपहरी (हरदी बाजार) के 83 वर्षीय बुजुर्ग श्री परसराम राठौर अपने बेटे के साथ जनदर्शन में पहुंचे थे। वे पिछले 30 वर्षों से कम सुनाई देने की समस्या से जूझ रहे थे, जिससे उनके रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे थे। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी पीड़ा समझते हुए तत्काल उन्हें श्रवण यंत्र (हियरिंग एड) प्रदान किया। यंत्र लगते ही श्री राठौर तीन दशक बाद साफ आवाजें सुन सके, जिससे उनके चेहरे पर खुशी झलक उठी। संवाद के दौरान जब मुख्यमंत्री को पता चला कि बुजुर्ग को देखने में भी दिक्कत है, तो उन्होंने मौके पर ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को उनकी आंखों की जांच कर निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने भाटापारा के श्री बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र प्रदान कर राहत दी।
कैंसर ने छीनी पिता की जिंदगी और जमा पूंजी, अब फरहीन की पढ़ाई का जिम्मा उठाएगी सरकार
जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंची सुश्री फरहीन की व्यथा सुनकर माहौल भावुक हो गया। फरहीन ने बताया कि उनके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से जूझ रहे थे। लंबे और महंगे इलाज में परिवार की पूरी जमा पूंजी खर्च हो गई और वर्ष 2025 में उनका निधन हो गया। आर्थिक संकट इतना गहरा गया कि परिवार के सामने घर गिरवी रखने की नौबत आ गई और फरहीन की पढ़ाई पर संकट मंडराने लगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने बेटी को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि आर्थिक तंगी उसकी शिक्षा के आड़े नहीं आएगी। उन्होंने फरहीन की पढ़ाई जारी रखने के लिए हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
नन्हे पार्थ की आंखों की रोशनी और छयांश के कदमों को मिलेगा सहारा
जनदर्शन में दो मासूम बच्चों के इलाज के लिए पहुंचे अभिभावकों को भी बड़ी राहत मिली:
-
पार्थ के मोतियाबिंद का होगा इलाज: राजनांदगांव से श्रीमती पूर्णिमा साहू अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंची थीं। समय से पहले जन्म होने के कारण पार्थ शारीरिक रूप से कमजोर है और चिकित्सकों ने उसकी आंखों में मोतियाबिंद की समस्या बताते हुए लेंस प्रत्यारोपण के लिए लाखों रुपये का खर्च बताया है। मुख्यमंत्री ने मां की चिंता को दूर करते हुए अधिकारियों को पार्थ के संपूर्ण और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
-
छयांश के पैरों का होगा ऑपरेशन: रायपुर के आमानाका क्षेत्र (कुकुरबेड़ा) निवासी श्री अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां श्रीमती हिरकना बाई के साथ 6 वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन की गुहार लेकर आए थे। पत्नी के निधन के बाद मजदूरी और परिवार के सहारे बच्चों को पाल रहे अमित ने बताया कि जन्म से चलने में असमर्थ बड़े बेटे का ऑपरेशन तो उन्होंने जैसे-तैसे करा लिया, लेकिन अब छोटे बेटे के इलाज के लिए पैसे नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने परिवार की विषम परिस्थितियों को देखते हुए छयांश के तत्काल ऑपरेशन और उपचार के निर्देश दिए।
अधिकारियों को सख्त निर्देश: “जरूरतमंदों को भटकना न पड़े”
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करे जिससे किसी भी जरूरतमंद नागरिक को अपने हक और सहायता के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।




