कोरबा 20/11/2026। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट और लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 18 नवंबर 2026 की रात करीब 11:00 बजे राताखार बाईपास रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास रामसागरपारा निवासी प्रार्थी के साथ मारपीट कर मोबाइल और नकदी रकम लूट ली गई थी। प्रार्थी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 937/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 115(2) और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में लखन राजपूत (उम्र 23 वर्ष, निवासी रामसागरपारा, कोरबा), रवि निषाद उर्फ दादू (उम्र 22 वर्ष, निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा) और कमल निषाद उर्फ टेंगना (निवासी राताखार बाईपास रोड, कोरबा) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी रकम और वारदात में इस्तेमाल किया गया चोरी का दोपहिया वाहन बरामद किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, चौकी या डायल-112 पर दें।




