
दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ के आंध्र प्रदेश और आसपास के तटों से टकराने के बाद उत्पन्न होने वाली नमी वाली हवाओं का रुख छत्तीसगढ़ की ओर होगा। इसके प्रभाव से 20 और 21 नवंबर को विशेष रूप से बस्तर संभाग समेत दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ चुनिंदा इलाकों में भी आंशिक रूप से बादल छाने और हल्की बौछारें पड़ने के आसार हैं।
गुलाबी ठंड ने पकड़ी रफ्तार, पारा लुढ़का
चक्रवात के प्रभावों के बीच प्रदेश में सिहरन बढ़ाने वाली ठंड भी शुरू हो चुकी है। छत्तीसगढ़ के लगभग 17 जिलों में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 13 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। सरगुजा संभाग का अंबिकापुर सबसे ठंडा दर्ज किया गया है, जहां पारा गिरकर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं के चलने से लोगों को अच्छी खासी ठंड का अहसास हो रहा है, हालांकि दिन में खिली हुई धूप बनी हुई है।




