रायपुर 06 नवंबर 2026 RTE Reimbursement: छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों की बहुप्रतीक्षित मांग पर कदम उठाते हुए शिक्षा का अधिकार (आरटीई) कानून के तहत दी जाने वाली प्रतिपूर्ति राशि के पुनर्निर्धारण के लिए एक विशेष कमेटी का गठन कर दिया है। शासन द्वारा ली जाने वाली इस कमेटी की सिफारिशों और अनुशंसाओं के आधार पर ही अब निजी स्कूलों को प्रतिपूर्ति राशि दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के चेयरमैन राजीव गुप्ता ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया है। एसोसिएशन का कहना है कि पिछले 14 वर्षों से आरटीई के तहत मिलने वाली इस राशि में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी। इस लंबित मांग को लेकर निजी स्कूलों ने 1 मार्च से 17 मई तक असहयोग आंदोलन भी चलाया था, जिसके बाद सरकार ने पुनर्निर्धारण का आश्वासन दिया था। अब कमेटी के गठन के साथ ही इस दिशा में ठोस कार्रवाई शुरू हो गई है।




