उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने सोनालिया पुल से ओवरब्रिज तक चल रहे निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण; समय-सीमा और गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त हिदायत दी
कोरबा 25/10/2026: कोरबा शहर की बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को सुदृढ़ करने और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में नगर निगम क्षेत्र में बड़े पैमाने पर सड़कों के डामरीकरण का कार्य आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री श्री लखन लाल देवांगन तथा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने शनिवार को सोनालिया पुल से ओवरब्रिज मार्ग पर जारी डामरीकरण कार्य का स्थल निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया।

गौरतलब है कि उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के विशेष प्रयासों से कोरबा नगर निगम क्षेत्र की 20 प्रमुख सड़कों के जीर्णोद्धार एवं डामरीकरण हेतु 24 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इन सभी विकास कार्यों का औपचारिक भूमिपूजन बीते 19 अक्टूबर को कोसाबाड़ी चौक पर संपन्न हुआ था, जिसके पश्चात शनिवार से सोनालिया पुल मार्ग पर जमीनी स्तर पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने मौके पर मौजूद नगर निगम के प्रशासनिक एवं तकनीकी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी स्वीकृत 20 मार्गों का निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से पूरा होना चाहिए। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम जनता और वाहन चालकों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा या अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
शहर के मुख्य सड़क मार्गों के डामरीकरण से न केवल स्थानीय निवासियों को गड्ढा मुक्त व सुव्यवस्थित सड़कें मिलेंगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ कोरबा के समग्र बुनियादी विकास को भी नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधीक्षण अभियंता श्री भूषण उरांव, प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्रीमती रुचि वर्मा, एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन, श्री चंद्रलोक सिंह, श्री मुकुंद कंवर, श्री प्रफुल्ल तिवारी, श्री योगेश मिश्रा सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
📍




