कोरबा 30 सितंबर 2026 Crime News Korba । बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जवाली-अभयपुर में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों को धान के खेत में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी मिली। बच्ची के मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए नवजात बच्ची को तुरंत कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी सत्यम साहू के निर्देशन में पुलिस की टीम बच्ची को खेत में छोड़कर भागने वाले अज्ञात व्यक्ति की तलाश में जुट गई है।
कटघोरा CHC की BMO डॉ. रश्मि सिंह ने बताया कि नवजात बच्ची को तड़के सुबह लगभग 4:10 बजे अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की सांसें तेज चलने के कारण उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
गौरतलब है कि बांकीमोंगरा क्षेत्र में नवजात के इस तरह लावारिस मिलने की यह तीसरी घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और चिंता है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर मामले की सूक्ष्मता से जांच कर रही है।



