Latest News
कोल इंडिया के 1 लाख ठेका श्रमिकों की बल्ले-बल्ले: VDA में संशोधन, 1 अक्टूबर से बढ़ कर मिलेगी दिहाड़ी CJP के प्रदर्शन और INDIA ब्लॉक के मार्च पर बीजेपी का तीखा हमला: “देश की स्थिरता के साथ मज़ाक बना रखा है क्या?” Chhattisgarh: सहायक शिक्षक भर्ती-2026 के विस्तृत विज्ञापन में संशोधन, दिव्यांग अभ्यर्थियों को मिलेगा आवेदन का अवसर जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन पर रोक: दिल्ली में आंदोलन के लिए बदले गए ठिकाने, रामलीला मैदान समेत 3 नई जगहें तय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों के संबंध में लोकभवन में बैठक आयोजित पुलिस का बड़ा एक्शन: दिल्ली मार्च से पहले कांग्रेस के तीन जिलाध्यक्ष हिरासत में, 12 घंटे बाद छूटे
Home » Uncategorized » खेतों में फैला ‘मौत का जाल’: बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी शावक की दर्दनाक मौत, रातभर चिंघाड़ता रहा 27 हाथियों का दल

खेतों में फैला ‘मौत का जाल’: बिजली के तार की चपेट में आने से हाथी शावक की दर्दनाक मौत, रातभर चिंघाड़ता रहा 27 हाथियों का दल

Share:

सरगुजा 30 सितंबर  2026 Elephant Death: फसल बचाने की आड़ में बिछाया गया अवैध बिजली का तार मासूम वन्यजीवों के लिए काल बन गया है। उदयपुर वन परिक्षेत्र के अलकापुरी जंगल से लगे खेतों में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां करंट की चपेट में आने से एक हाथी शावक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।

सूंड और पैर में फंसा तार, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम

मिली जानकारी के मुताबिक, अलकापुरी जंगल से सटे खेतों में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की लगातार आवाजाही बनी हुई थी। फसलों को नुकसान से बचाने के लिए खेत के चारों ओर नंगे तारों में बिजली का करंट प्रवाहित किया गया था। बुधवार रात करीब 10 बजे अलकापुरी के समीप खेतों से गुजरते समय मासूम शावक इन तारों में उलझ गया। तार उसके सूंड और पैर में बुरी तरह फंस गए, जिससे जोरदार करंट लगने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

झिरमिटी सरपंच के परिवार की बताई जा रही जमीन

हादसे की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जिस खेत के आसपास बिजली के तार लगाए गए थे, वह झिरमिटी सरपंच चंदन एक्का और उनके परिवार से जुड़ी जमीन बताई जा रही है। ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि फसल सुरक्षा के नाम पर सामान्य झटका (सोलर) मशीन के बजाय सीधे हाई-वोल्टेज बिजली सप्लाई से तार जोड़े गए थे। वन विभाग अब इस बात की पड़ताल कर रहा है कि तार किसने लगाए थे और बिजली कनेक्शन कहां से लिया गया था। अधिकारियों का दावा है कि जांच के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रातभर चिंघाड़ते रहे 27 हाथी, दहशत में बीती ग्रामीणों की रात

शावक की मौत के बाद हाथियों का दल बेहद आक्रामक और भावुक नजर आया। करीब 27 हाथियों का विशाल झुंड रातभर शव के आसपास ही डटा रहा। हाथियों की तेज चिंघाड़ से पूरा इलाका थर्रा उठा और आसपास के गांवों में डर का माहौल बना रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों को घटनास्थल के पास जाने से रोक दिया है।

पोस्टमॉर्टम के बाद होगा अंतिम संस्कार

वन विभाग द्वारा हाथी शावक के शव का पोस्टमॉर्टम कराने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही करंट की तीव्रता और मौत से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। इसके बाद विभागीय नियमानुसार शावक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।