कोरबा 13 सितंबर Korba Tower Drama: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार की दोपहर उस वक्त गाँव वालों की साँसें अटक गईं, जब शराब के सुरूर में धुत्त एक सिरफिरा युवक मौत से बेखौफ होकर सीधे 150 फीट ऊंचे हाई-वोल्टेज टॉवर के सबसे ऊपरी सिरे पर जा बैठा।

मामला करतला थाना क्षेत्र का है। 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टॉवर की चोटी पर जब ग्रामीणों ने एक साये को मँडराते देखा, तो हड़कंप मच गया। टॉवर पर चढ़े इस युवक की पहचान देव सिंह राठिया के रूप में हुई, जो शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है।
पत्नी बिलखती रही, बच्चे गुहार लगाते रहे
नीचे ज़मीन पर खौफनाक नज़ारा था। देव सिंह की पत्नी और बच्चे रो-रोकर उसे नीचे आने की गुहार लगाते रहे। गाँव वालों का हुजूम चिल्ला-चिल्लाकर ऊपर चढ़ने की वजह पूछता रहा, लेकिन शराब के नशे में धुत देव सिंह कुछ सुनने को तैयार नहीं था। वह कभी नीचे उतरने का नाटक करता, तो कभी फिर से टॉवर की आखिरी छतरी तक चढ़ जाता। हज़ारों वोल्ट का करंट दौड़ रही इस हाई-टेंशन लाइन पर उसकी ज़रा सी चूक सीधे मौत का सबब बन सकती थी।
पुलिस और प्रशासन का 6 घंटे का ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’
घटना की गंभीरता को देखते हुए करतला थाना प्रभारी गणेश यादव अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। हालात बिगड़ते देख तहसीलदार को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बेहद सूझबूझ और सब्र के साथ लाउडस्पीकर और समझाइश के ज़रिए उससे बात करना शुरू किया।
करीब 6 घंटे तक चले इस ज़बरदस्त दिमागी और मनोवैज्ञानिक ड्रामे के बाद आखिरकार युवक नीचे उतरने के लिए राज़ी हुआ। जैसे ही देव सिंह के कदम ज़मीन पर पड़े, पुलिस, परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की गहरी साँस ली। हालांकि, वह इतनी बड़ी जानलेवा बेवकूफी किस वजह से कर रहा था, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है।
टॉवर पर चढ़कर ड्रामेबाज़ी की बढ़ती सनक
छत्तीसगढ़ में टॉवर पर चढ़कर हुड़दंग मचाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। महज एक हफ्ते पहले बेमेतरा में पत्नी द्वारा शराब के पैसे न देने पर एक सिरफिरा 125 फीट ऊंचे बीएसएनएल (BSNL) टॉवर पर चढ़ गया था। इसके अलावा बिलासपुर और कोंडागांव से भी ऐसे ‘शोले स्टाइल’ हाई-वोल्टेज ड्रामे की खबरें सामने आती रही हैं।








