कोरबा 13 सितंबर Crime News । जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र स्थित पनगांव में पारिवारिक कलह ने दर्दनाक रूप ले लिया। दादी और चाचा के बीच चल रही बहस के दौरान आक्रोशित भतीजे ने अपने ही चाचा पर फरसे से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चाचा की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पनगांव निवासी गुलाब सिंह का अपनी मां (आरोपी की दादी) से किसी बात को लेकर विवाद और बहस हो रही थी। इसी दौरान गुलाब सिंह का भतीजा दुर्गेश वहां पहुंचा। दादी और चाचा के बीच हो रहे झगड़े को देखकर वह आपा खो बैठा और घर में रखे फरसे से अपने चाचा पर वार कर दिया।
सिर व शरीर पर गंभीर चोट लगने के कारण गुलाब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुर्गेश मौके से भागने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
सूचना पर पहुंची कोरबी चौकी पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया फरसा भी बरामद कर लिया है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर हत्या के सटीक कारणों की जांच कर रही है।







