कोरबा 12 सितंबर। जिले के दीपका बस्ती से एक दुखद और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ 11वीं कक्षा के एक 17 वर्षीय छात्र की बंद कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। घटना के वक्त परिजन घर पर ही मौजूद थे, लेकिन कमरा अंदर से बंद होने की वजह से वक्त पर मदद नहीं पहुंच पाई।
मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय दिलीप कंवर के रूप में हुई है, जो स्वामी आत्मानंद स्कूल दीपका का छात्र था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 10:30 बजे दिलीप की बड़ी मां छत पर कपड़े सुखा रही थीं, तभी उन्होंने कमरे से भारी धुआं निकलते देखा। अनहोनी की आशंका में परिजनों ने जब दरवाजा तोड़ा, तो पूरा कमरा धुएं से भरा था और दिलीप गंभीर रूप से झुलसा हुआ मिला। जब तक उसे बाहर निकाला जाता, उसकी सांसें थम चुकी थीं।
घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से ऑयल पेंट की डिब्बी और माचिस बरामद हुई है। स्थानीय स्तर पर मोबाइल की बैटरी फटने से आग लगने या आत्महत्या जैसी विभिन्न आशंकाएं जताई जा रही हैं, हालांकि पुलिस ने फिलहाल इनमें से किसी भी बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
परिजनों ने बताया कि दिलीप ने तीन दिन पहले ही पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा पास कर स्कूल जाना शुरू किया था और वह आगामी अर्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
पुलिस ने शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले पर दीपका पुलिस का कहना है कि आग लगने के वास्तविक कारणों और मौत की वजह का सटीक खुलासा फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।







