सागर 6 सितंबर Sagar Poisonous Liquic Case । मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध और जहरीली शराब के सेवन से बड़ा हादसा सामने आया है। अब तक 11 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 35 से अधिक लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। हालांकि, सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आधिकारिक रूप से 10 मौतों की पुष्टि की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावितों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर किया जा रहा है।

मिथाइल अल्कोहल के सेवन की आशंका कलेक्टर प्रतिभा पाल के अनुसार, घटना मुख्य रूप से बंडा थाना क्षेत्र के नौराज और घुघरा खुर्द गांवों से जुड़ी है। शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे प्रशासन को सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य टीमों ने गांवों में स्क्रीनिंग शुरू की। डॉक्टरों के मुताबिक, मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण दिख रहे हैं। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया मिथाइल अल्कोहल (जहरीले केमिकल) के सेवन की बात सामने आई है।
उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जुड़ा सप्लाई नेटवर्क सागर एसपी अनुराग सुजानिया ने बताया कि शुरुआती जांच में जहरीली शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने के सुराग मिले हैं। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और ललितपुर में सप्लाई नेटवर्क खंगाला जा रहा है। एहतियातन क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर उनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
उच्चाधिकारियों का दौरा और प्रशासनिक कार्रवाई घटना की सूचना मिलते ही सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ने प्रभावित गांवों का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। बीएमसी में गंभीर मरीजों के इलाज के लिए विशेष बेड आरक्षित किए गए हैं। प्रशासन ने अपील की है कि शराब सेवन के बाद उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण दिखने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।
राजनीतिक घमासान: सीएम का कड़ा संदेश, विपक्ष के सवाल
-
सरकार का रुख: दुबई रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
-
विपक्ष का हमला: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी ने मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ मुआवजा देने और दोषियों पर हत्या का केस दर्ज करने की मांग उठाई है।







