नई दिल्ली / विशेष संवाददाता 26 अगस्त: प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 27 अगस्त को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रव्यापी ‘खेलो इंडिया डायलॉग’ को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ‘मेरा युवा भारत’ (MY भारत) द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं को भारत की खेल यात्रा से जोड़ना, उनकी आकांक्षाओं को साझा करना और विकसित भारत के निर्माण में उनके विचारों का योगदान सुनिश्चित करना है।

इस कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रत्येक जिले से दो-दो कॉलेजों के छात्र हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुरूप यह आयोजन एक फिट, अनुशासित और खेल-समर्पित राष्ट्र के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है। राष्ट्रीय स्तर के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर संवाद आयोजित होंगे, जिसमें युवा प्रतिभागी, MY भारत के स्वयंसेवक, स्थानीय खिलाड़ी, देश के दिग्गज पदक विजेता और जन प्रतिनिधि एक साथ मंच साझा करेंगे।
इन 5 मुख्य विषयों पर केंद्रित रहेगा ‘युवा संवाद’:
-
खेल इकोसिस्टम में सुधार: बेहतर सुविधाओं, कोचिंग, खेल विज्ञान और समावेशी भागीदारी को बढ़ावा देना।
-
2036 ओलंपिक की तैयारी: वैज्ञानिक तरीकों से प्रतिभा पहचान, पारदर्शी चयन और खिलाड़ियों का दीर्घकालिक विकास।
-
युवा नेतृत्व का निर्माण: गवर्नेंस प्लेटफॉर्म और ‘MY भारत’ वॉलंटियरिंग अभियानों के जरिए नए लीडर्स तैयार करना।
-
विकसित भारत के लिए सशक्तिकरण: नागरिक कर्तव्य, भविष्य के उपयोगी कौशल और व्यवस्थित स्वयंसेवा पर जोर।
-
नशा मुक्त युवा अभियान: मादक पदार्थों के खिलाफ खेल और साथी नेटवर्क का उपयोग। यह पहल प्रधानमंत्री के 100-सप्ताह के राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है।








