अमेरिकी इतिहास के सबसे चर्चित और घृणित यौन अपराध मामलों में से एक, जेफरी एपस्टीन कांड, आज भी रहस्य और विवादों के घेरे में है, जिसकी आज पूरी दुनिया में चर्चा हो रही हैं ,एपस्टीन के काले कारनामों का पर्दाफाश आज हुआ है…
न्यूयॉर्क | अमेरिकी इतिहास के सबसे चर्चित और घृणित यौन अपराध मामलों में से एक, जेफरी एपस्टीन कांड, आज भी रहस्य और विवादों के घेरे में है। एक साधारण शिक्षक से अरबपतियों का सलाहकार और फिर एक सजायाफ्ता अपराधी बनने तक का एपस्टीन का सफर जितना चकाचौंध भरा था, उसका अंत उतना ही काला रहा।
शिक्षक से ‘फाइनेंसर’ बनने का सफर
20 जनवरी 1953 को जन्मे जेफरी एडवर्ड एपस्टीन ने अपने करियर की शुरुआत न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित डाल्टन स्कूल में एक शिक्षक के रूप में की थी। हालांकि, 1976 में बर्खास्तगी के बाद उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र का रुख किया। ‘बेयर स्टर्न्स’ में अपनी पहचान बनाने के बाद उन्होंने खुद की फर्म शुरू की। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, उन्होंने अरबपतियों को टैक्स और संपत्ति प्रबंधन की सेवाएं देकर अकूत संपत्ति जमा की।
सत्ता के गलियारों में पैठ और ‘डेथ आइलैंड’
एपस्टीन ने दुनिया के सबसे ताकतवर लोगों के साथ संबंध बनाए। उनके सामाजिक दायरे में डोनाल्ड ट्रंप, बिल क्लिंटन, प्रिंस एंड्रयू और बिल गेट्स जैसी हस्तियां शामिल थीं। सितंबर 2025 में जारी हालिया दस्तावेजों (20,000 पन्नों के ईमेल) से यह भी खुलासा हुआ कि उनके संपर्क पीटर थियल, एलन मस्क और स्टीव बैनन जैसे दिग्गजों से भी थे।
अपराध और विवादास्पद ‘डील’
एपस्टीन के काले कारनामों का पर्दाफाश 2005 में हुआ, जब फ्लोरिडा में एक 14 वर्षीय लड़की के यौन शोषण की शिकायत दर्ज की गई।
-
2008 का समझौता: संघीय जांच में 36 पीड़ित लड़कियों की पहचान हुई, लेकिन तत्कालीन वकील एलेक्स अकोस्टा के साथ एक विवादित समझौते के तहत एपस्टीन को केवल 13 महीने की सजा हुई, जिसमें उसे दिन में काम पर जाने की अनुमति थी।
-
2019 की गिरफ्तारी: जुलाई 2019 में एपस्टीन को फिर से नाबालिगों की तस्करी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया गया।
रहस्यमयी मौत और सीसीटीवी का विवाद
10 अगस्त 2019 को एपस्टीन अपनी जेल की कोठरी में मृत पाए गए। मेडिकल परीक्षक ने इसे ‘आत्महत्या’ करार दिया, लेकिन फोरेंसिक विशेषज्ञों और जनता के बीच इसे लेकर भारी संदेह बना रहा।
-
जुलाई 2025 का नया मोड़: एफबीआई ने सीसीटीवी फुटेज जारी कर आत्महत्या के दावे का समर्थन किया।
-
गायब फुटेज का सच: हालांकि, इस वीडियो में लगभग 2 मिनट 53 सेकंड का हिस्सा गायब था। जानकारों का दावा है कि वीडियो में काट-छांट की गई थी, जिसने साजिश की थ्योरी को फिर से हवा दे दी है।
मैक्सवेल की भूमिका और अंजाम
एपस्टीन की सहयोगी और ब्रिटिश सोशलाइट घिसलेन मैक्सवेल को 2021 में दोषी ठहराया गया। अदालत ने माना कि मैक्सवेल ही वह कड़ी थी जो एपस्टीन के लिए कम उम्र की लड़कियों को भर्ती करती थी। एपस्टीन की मौत के बाद 29 अगस्त 2019 को उनके खिलाफ कानूनी मामले बंद कर दिए गए, लेकिन उनसे जुड़े हाई-प्रोफाइल नामों पर विवाद आज भी जारी है।
बता दे…
अमेरिका से जेफ्री एपस्टीन सेक्स स्कैंडल को लेकर इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार (19 दिसंबर 2025) को अमेरिकी न्याय विभाग (DOJ) ने दशकों पुराने इस मामले से जुड़ी हजारों खुफिया फाइलें और तस्वीरें सार्वजनिक कर दी हैं।
हजारों फाइलें हुईं सार्वजनिक
प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेरिकी संसद द्वारा पारित ‘एपस्टीन फाइल्स ट्रांसपेरेंसी एक्ट’ (Epstein Files Transparency Act) के तहत तय समय सीमा (Deadline) के अनुसार न्याय विभाग ने दस्तावेजों का पहला जत्था जारी किया है। इसमें हजारों पन्नों के दस्तावेज, तस्वीरें, कॉल लॉग्स और ग्रांड ज्यूरी की गवाही शामिल हैं। हालांकि, अभी भी लाखों दस्तावेज आने बाकी हैं जो अगले कुछ हफ्तों में जारी किए जाएंगे।








