Latest News
प्रयागराज: घर में ज़मीन के नीचे दबे नीले ड्रमों से मिले करोड़ों रुपये, नोटबंदी के काले धन का सनसनीखेज खुलासा Honda CB350C का नया डार्क लुक: दिवाली से पहले कंपनी ने पेश किया ऑल-ब्लैक स्टाइल वेरिएंट दीपावली और छठ यात्रियों के लिए बड़ी राहत: दुर्ग से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश के इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज कांकेर: कृषि महाविद्यालय का प्रोफेसर गिरफ्तार, छात्रा को टेलीग्राम पर भेजा था अश्लील वीडियो और नंबर कम करने की दी धमकी गौरव भाटिया का नसीरुद्दीन शाह पर तंज: बोले— ‘जिसे एसीपी राठौड़ समझा, वो निकला गुलफाम हसन’ जिंदगी की जंग जीतीं 63 वर्षीय लक्ष्मी सोरी: न्यूरोसर्जन डॉ. दिविक मित्तल के कुशल नेतृत्व और शिवाय हॉस्पिटल, कोरबा की बदौलत लौटी खुशियां
Home » Uncategorized » प्रयागराज: घर में ज़मीन के नीचे दबे नीले ड्रमों से मिले करोड़ों रुपये, नोटबंदी के काले धन का सनसनीखेज खुलासा

प्रयागराज: घर में ज़मीन के नीचे दबे नीले ड्रमों से मिले करोड़ों रुपये, नोटबंदी के काले धन का सनसनीखेज खुलासा

Share:

प्रयागराज 29/10/2026। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगानगर (रामनगर) अंतर्गत बाराईपुर इलाके में पुलिस ने एक घर के फर्श की खुदाई कर भारी मात्रा में छिपाकर रखी गई नकदी बरामद की है। यह काली कमाई ज़मीन के भीतर कई नीले प्लास्टिक के ड्रमों में बंद करके रखी गई थी। पुलिस द्वारा देर रात तक की गई गिनती में 4 करोड़ रुपये बरामद हो चुके हैं, जबकि सूत्रों के अनुसार कुल बरामदगी 60 करोड़ रुपये या उससे अधिक पहुँचने का अनुमान है।

कैसे सामने आया मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी शख्स कुछ वर्ष पूर्व महाराष्ट्र के पुणे की एक निजी कंपनी में काम करता था। आरोप है कि वर्ष 2016 में हुई नोटबंदी के दौरान वह कंपनी से बोरियों में भरकर करोड़ों रुपये का काला धन लेकर फरार हो गया था। अपने गाँव लौटने के बाद उसने कई बीघा जमीन खरीदी और बाकी बचा हुआ कैश अपने घर के कमरे में गड्ढा खोदकर ड्रमों के अंदर छिपा दिया।

हाल ही में आरोपी का अपने पड़ोसी व रिश्तेदार के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी कहासुनी में ज़मीन के नीचे नोट दबे होने का राज़ उजागर हो गया और खबर पुलिस तक पहुँच गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और बरामदगी

सूचना मिलते ही डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने बुधवार रात आरोपी के मकान की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। आरोपी की निशानदेही पर कमरे के फर्श की खुदाई कराई गई, तो ज़मीन के नीचे से एक के बाद एक नीले ड्रम निकलने लगे। ड्रमों को खोलते ही उसमें ठूँस-ठूँसकर भरे गए नोटों के बंडल देखकर पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए।

मशीनों से जारी है नोटों की गिनती

कैश की अत्यधिक मात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने बैंक अधिकारियों और आयकर विभाग की टीमों को नोट गिनने की मशीनों के साथ मौके पर बुलाया। देर रात तक 4 करोड़ रुपये गिने जा चुके थे, जबकि अन्य ड्रमों की गिनती की प्रक्रिया अभी जारी है।

डीसीपी सोनम कुमार ने बताया कि आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है और संबंधित एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है। पूरी गिनती समाप्त होने के बाद ही नकदी का आधिकारिक आंकड़ा जारी किया जाएगा। इस अप्रत्याशित घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी हुई है।