पसान ,कोरबा 22 सितंबर 2026 Land Dispute : क्षेत्र के ग्राम पिपरिया स्थित सीपत पारा में मंगलवार की सुबह जमीन बंटवारे का पुराना विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जमीन के अलग-अलग पाटा (सीमांकन) किए जाने को लेकर हुए विवाद के दौरान 23 वर्षीय भतीजे ने अपने 85 वर्षीय बुजुर्ग चाचा के सिर पर टांगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बबन राम यादव (पिता बुद्ध राम यादव, उम्र 85 वर्ष), निवासी सीपत पारा पिपरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बबन राम का अपने भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (पिता राम प्रसाद यादव, उम्र 23 वर्ष) के साथ जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मंगलवार (22 सितंबर) की सुबह करीब 5:30 बजे दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर जमीन बंटवारे को लेकर बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी सोनू ने आवेश में आकर पास ही रखे टांगिया से अपने चाचा के सिर पर वार कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पसान पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में हत्या का मुख्य कारण जमीन बंटवारे का पुराना विवाद ही सामने आया है। फिलहाल प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामला दर्ज कर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।








