कोरबा 4 सितंबर। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शहर के पुराना बस स्टैंड स्थित मैदान में भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

इस वर्ष मटकी फोड़ प्रतियोगिता को विशेष और आकर्षक स्वरूप दिया गया है। मैदान में एक विशाल डीजे स्टेज तैयार किया गया है, जिसकी धुनों पर श्रद्धालु और युवा झूमते नजर आएंगे। वहीं प्रतियोगिता के रोमांच को बढ़ाने के लिए क्रेन की सहायता से काफी ऊंचाई पर मटकी लटकाई गई है। इस मटकी को फोड़ने के लिए विभिन्न मटकी फोड़ (गोविंदा) दलों के बीच ज़बरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा।
आयोजन में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। पूरे मैदान और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।








