बलरामपुर 31 अगस्त : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में वाड्रफनगर पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक रामगोपाल की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से जवान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

नाइट गश्त के बाद बिना आराम किए काम पर निकले थे आरक्षक
चंदौरा थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, आरक्षक रामगोपाल शनिवार रात नाइट गश्त की ड्यूटी पर तैनात थे। रविवार तड़के करीब 5 बजे ड्यूटी पूरी करने के बाद वे वाड्रफनगर चौकी लौटे। इसके बाद बिना आराम किए वे विभागीय कार्य से बाइक पर प्रतापपुर चले गए। काम निपटाकर वाड्रफनगर लौटते वक्त अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर यह हादसा हो गया।
ट्रक जब्त, चालक की भूमिका की जांच में जुटी पुलिस
टक्कर इतनी भीषण थी कि आरक्षक बाइक से दूर जा गिरे और गंभीर चोट आने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही चंदौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की भूमिका समेत हादसे के अन्य कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सहकर्मियों ने आरक्षक रामगोपाल को एक कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार जवान बताया। पुलिस अधिकारियों ने उनके असमय निधन को विभाग के लिए बड़ी क्षति कहा है। आरक्षक के निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है; वे अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं।








