कोरबा, 13 अगस्त। कोरबा जिले में ‘लोनर’ (अकेले) और दंतैल हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। एतमा नगर और कुदमुरा वन परिक्षेत्र में हाथियों ने बीती रात जमकर तबाही मचाई, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

एतमा नगर: बुका में कच्चा मकान ढहाया, सामान क्षतिग्रस्त
एतमा नगर रेंज के कटमोरगा गांव में फसलों व बाड़ियों को नुकसान पहुंचाने के बाद लोनर हाथी बीती रात बुका गांव पहुंच गया। यहाँ हाथी ने ग्रामीण सुखलाल (पिता बंधन) के कच्चे मकान को अपना निशाना बनाते हुए उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। दीवार गिरने से घर के भीतर रखा दीवान और अन्य घरेलू सामान बुरी तरह टूट-फूट गया।
पीड़ित की सूचना पर वन अमले की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुट गई है। हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है, वहीं बुका और आसपास के इलाकों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।
कुदमुरा: 5 ग्रामीणों के खेतों में धान की फसल रौंदी
दूसरी ओर, कोरबा वनमंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में दो दंतैल हाथियों ने चचिया गांव में धावा बोल दिया। बीती रात हाथियों ने गाँव के 5 ग्रामीणों के खेतों में घुसकर लहलहाती धान की फसल को पूरी तरह रौंद दिया। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।
वन विभाग की अपील: हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है। ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने और शाम होते ही सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।








