राजनांदगांव/अम्बागढ़ चौकी: छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अम्बागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवारदल्ली में एक पिता ने मामूली विवाद के बाद अपने ही 22 वर्षीय जवान बेटे की भरमार बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है और आरोपी पिता फरार बताया जा रहा है।
बीच-बचाव करने पहुंचा था बेटा
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता संत कुमार अपनी पत्नी के साथ गांव के पास जंगल किनारे स्थित एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। बीती रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। विवाद बढ़ता देख पत्नी ने अपने बेटे शेखर (22 वर्ष) को मौके पर बुलाया। शेखर अपने माता-पिता के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने और पिता को समझाने की कोशिश कर रहा था।
गुस्से में खोया आपा, सीने पर चलाई गोली
बेटे की समझाइश से शांत होने के बजाय आरोपी संत कुमार और अधिक आक्रोशित हो गया। गुस्से में अंधे होकर उसने पास रखी भरमार बंदूक उठाई और सीधे शेखर के सीने पर गोली दाग दी। गोली लगने से शेखर लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना की सूचना मिलते ही अम्बागढ़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी संत कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी का कहना है:
“पारिवारिक विवाद के चलते पिता ने बेटे की हत्या की है। आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”








