उत्तर प्रदेश : बिजनौर जिले में एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक स्थानीय व्यक्ति सिकंदरनाथ की मौत कथित तौर पर एक यूट्यूबर और ‘साँप रेस्क्यूबर’ द्वारा जबरन कोबरा से कटवाने के कारण हो गई। परिवार का आरोप है कि मोहित कुमार नामक यह यूट्यूबर अपने साथियों के साथ मिलकर सिकंदर को बार-बार कोबरा से कटवाता रहा, जबकि ग्रामीण और परिजन उन्हें रोकने की कोशिश करते रहे।

शर्त और धमकी: “अगर सपेरा हो, तो कटवाकर दिखाओ”

परिजनों द्वारा जारी किए गए एक वीडियो में यह भयावह मंजर साफ दिखाई देता है, जहाँ आरोपी मोहित सिकंदरनाथ को उकसा रहा है। वह हाथ में पकड़े कोबरा को सिकंदर की ओर बढ़ाकर धमकाता है: “अगर सपेरा हो, तो कटवाकर अपनी दवा से इलाज करके दिखाओ।”
जब सिकंदर ने मना किया, तो आरोपियों ने उसे धमकाया और उसके छोटे भाई करण के साथ मारपीट भी की। परिवार का दावा है कि दोनों भाइयों को घंटों तक बंधक बनाकर रखा गया और उन्हें कोबरा से कटवाने का वीडियो भी बनाया गया।
इलाज में देरी और मौत
आरोप है कि कोबरा के काटने के बाद न तो समय पर इलाज किया गया और न ही सही समय पर मदद मिली। मोहित और उसके साथियों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने सिकंदर को अपनी गाड़ी में घुमाया, जिससे जहर और तेज़ी से पूरे शरीर में फैल गया। एक वीडियो में आरोपियों को उसके हाथ से बंधा कपड़ा भी खुलवाते देखा जा सकता है, जो जहर फैलने की प्रक्रिया को तेज करने जैसा था।
हालात बिगड़ने के बाद जब सिकंदर को अस्पताल ले जाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण सांप का जहर होने की पुष्टि हुई है।
पुलिस कार्रवाई का आश्वासन, आरोपी 25 दिन बाद भी फरार
यह घटना 10 नवंबर की बताई जा रही है, लेकिन 25 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी फरार हैं, जिससे मृतक की गर्भवती पत्नी और तीन छोटे बच्चों का परिवार गहरे सदमे और गुस्से में है।
परिवार ने शुरू में पुलिस पर मामला दर्ज करने में टालमटोल करने का आरोप लगाया, जिसके बाद एसपी ऑफिस पहुंचने पर ही केस दर्ज किया गया।
एसपी देहात सागर जैन ने इस सनसनीखेज मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मोहित ने 10 हजार रुपये की शर्त लगाई थी और उसी दबाव में सिकंदर को कटवाया गया। पुलिस ने वीडियो फुटेज और गवाही के आधार पर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








