Korba Chhattisgarh:कोरबा में गुरुवार सुबह हसदेव नदी किनारे एक प्रेमी युगल द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस और नगर सेना की टीम ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि युवती का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
प्रेम संबंध और शादी की बात
जानकारी के अनुसार, काशी नगर निवासी राहुल और अटल आवास में रहने वाली युवती के बीच प्रेम संबंध था। दोनों ने शादी करने का मन बनाया था, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। राहुल ने बताया कि उसके परिवार वाले इस रिश्ते के लिए सहमत थे, लेकिन युवती के परिजन लगातार शादी से इंकार कर रहे थे।
आत्महत्या का प्रयास
बीती शाम राहुल ने युवती की मां से भी शादी की बात रखी, लेकिन वहां भी मना कर दिया गया। उसके बाद अगले दिन गुरुवार सुबह करीब 9 बजे राहुल और युवती बाइक से गेरुवा घाट पुल पहुंचे और पास के सर्वेश्वर एनीकट तक गए। यहां दोनों ने नदी में छलांग लगा दी। राहुल नदी के बीच बने टापू पर फंस गया, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। नगर सेना की टीम ने तुरंत रेस्क्यू कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस जांच जारी
अब पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन युवती का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवती की तलाश जारी है ।








