Home » Uncategorized » जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर नहीं पड़ेगा समान नागरिक संहिता (UCC) का कोई असर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर नहीं पड़ेगा समान नागरिक संहिता (UCC) का कोई असर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Share:

रायपुर 27/11/2026 Uniform Civil Code:  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि राज्य में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code – UCC) से जनजातीय समाज की विशिष्ट संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामाजिक व्यवस्थाओं पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि अनुसूचित जनजातियों के अधिकारों और परंपराओं की रक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Advt

राजधानी रायपुर स्थित शहीद स्मारक भवन में 26 नवंबर 2026 को ‘संविधान गौरव दिवस’ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह महत्वपूर्ण वक्तव्य दिया। प्रदेश की बड़ी जनजातीय आबादी के बीच संभावित यूसीसी प्रावधानों को लेकर उठ रही आशंकाओं को विराम देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संवैधानिक प्रावधानों और पांचवीं अनुसूची की भावना के अनुरूप जनजातीय परंपराओं का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित करेगी।

प्रदर्शनी का उद्घाटन और पुस्तक का विमोचन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन, विचारों और संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने ‘संविधान से सुशासन तक : बाबासाहेब के सपनों का सशक्त छत्तीसगढ़’

नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने संविधान सभा के सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि भारतीय संविधान न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित है, जिसने समाज के अंतिम व्यक्ति को भी सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण जनजातीय समाज से आने वाली देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचना है।

बस्तर में लोकतंत्र की मजबूती और आपातकाल के संघर्ष का स्मरण

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बस्तर अंचल में बदलती परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय तक नक्सली हिंसा के बावजूद वहां के नागरिकों ने लोकतंत्र पर अटूट विश्वास बनाए रखा। अब बस्तर में ‘गनतंत्र’ पर लोकतंत्र की विजय हो रही है और क्षेत्र शांति व विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने वर्ष 1975 के आपातकाल के दिनों को याद करते हुए लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष को नमन किया और बताया कि राज्य सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों की पूर्व में बंद की गई सम्मान राशि को पुनः प्रारंभ किया है।