तमिलनाडु 28/11/2026: कल्लकुरिची की जिला कलेक्टर जे.ई. पद्माजा को अश्लील संदेश भेजने और अभद्र व्यवहार करने के आरोपों में तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। 36 वर्षीय विधायक को शुक्रवार शाम उनके आवास से हिरासत में लिया गया। यह गिरफ्तारी कलेक्टर द्वारा 23 नवंबर को दर्ज कराई गई औपचारिक शिकायत के चार दिन बाद हुई है। आप पढ़ रहे हैं द खटिया खड़ी न्यूज।FIR दर्ज होने के बाद विधायक के घर और कार्यालय के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

पांच धाराओं में दर्ज हुआ मामला
विवाद तब सामने आया जब महिला IAS अधिकारी को अश्लील संदेश भेजने और अनुचित व्यवहार के आरोप लगे। 23 नवंबर को कलेक्टर ने कल्लकुरिची की पुलिस अधीक्षक (SP) शहनाज आई. के पास शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर महिला पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
विधायक के खिलाफ ‘तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम’ के अलावा ‘भारतीय न्याय संहिता’ (BNS) की धारा 75, 78, 79 और 132 के तहत केस दर्ज किया गया है। आप पढ़ रहे हैं द खटिया खड़ी न्यूज।इन धाराओं के अंतर्गत यौन उत्पीड़न, पीछा करना, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना और लोक सेवक को सरकारी कामकाज से रोकने जैसे आरोप शामिल हैं।
विपक्ष का दबाव, NCW और हाईकोर्ट का दखल
इस मामले को सबसे पहले DMK सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने उठाया था, जिसके बाद DMK और AIADMK समेत अन्य विपक्षी दलों ने सख्त कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच की बात कही। वहीं, मद्रास उच्च न्यायालय ने भी दखल देते हुए राज्य सरकार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया।
कलेक्टर की ओर से 23 नवंबर को मुख्य सचिव एम. साई कुमार को शिकायत सौंपे जाने के बाद राज्य सरकार ने चार सदस्यीय आंतरिक शिकायत समिति (ICC) का गठन किया, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य सचिव ककारला उषा कर रही हैं।
सरकार पर लगे नजरअंदाज करने के आरोप
इस पूरे प्रकरण में सरकार पर मामले को दबाने या नजरअंदाज करने के आरोप भी लगे। DMK नेता उदयनिधि स्टॉलिन ने आरोप लगाया कि घटना के कई दिन बीतने के बावजूद विधायक पर कार्रवाई करने के बजाय महिला अधिकारी का तबादला करने की चर्चा चल रही थी। विपक्ष के बढ़ते दबाव और मद्रास हाईकोर्ट की सख्ती के बाद इस सप्ताह की शुरुआत में महिला अधिकारी से लिखित शिकायत ली गई, जिसके बाद विधायक से लंबी पूछताछ की गई और अंततः उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।




