Home » Uncategorized » कोरबा में उगाही और ब्लैकमेलिंग का खेल: पुलिस जांच शुरू

कोरबा में उगाही और ब्लैकमेलिंग का खेल: पुलिस जांच शुरू

Share:

कोरबा 14/11/2026 : ऊर्जाधानी कोरबा में अपराधियों का एक नया और सनसनीखेज तरीका सामने आया है, जहां पहले पैसों की मांग की जाती है और फिर रकम न मिलने पर झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जाती है। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के शारदा बिहार निवासी एक चिकन कारोबारी ने दो लोगों पर 4 से 5 लाख रुपये की अवैध वसूली करने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता मोहम्मद इकबाल कुरैशी (47 वर्ष) ने 13 नवंबर 2026 को थाना कोतवाली में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका चिकन का कारोबार है और उनके छोटे भाई मोनू कुरैशी को गजानंद राठौर तथा विक्की वैष्णव द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है।

फोन पर धमकाकर मांग रहे थे सेटलमेंट के पैसे

शिकायत के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 को गजानंद राठौर ने मोनू कुरैशी को फोन कर धमकी दी कि विक्की वैष्णव को 4 से 5 लाख रुपये देकर मामला रफा-दफा (सेटल) कर लो। ऐसा न करने पर गंभीर कानूनी कार्रवाई करवाकर उसे जेल भिजवाने की चेतावनी दी गई। आरोप है कि विक्की वैष्णव, गजानंद के माध्यम से पैसों की उगाही का दबाव बना रहा था और पैसे न देने पर 3-4 झूठे एफआईआर दर्ज करवाने की धमकी दे रहा था।

ब्याज वसूली का भी बनाया जा रहा था दबाव

कारोबारी का यह भी आरोप है कि विक्की वैष्णव फोन पर अन्य लोगों के नाम लेकर मोनू पर ब्याज की रकम वसूलने का दबाव बना रहा था। इस लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से पूरा परिवार दहशत में है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी एसआई प्रेमचंद साहू को सौंपी गई है। अब पुलिस की विवेचना के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि 4-5 लाख रुपये की इस कथित मांग के पीछे असल सच्चाई क्या है और इस पूरे रैकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

📍