Home » Uncategorized » राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में बड़ा खुलासा: पंजाब से जुड़े धमाके के तार, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में बड़ा खुलासा: पंजाब से जुड़े धमाके के तार, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Share:

श्रीगंगानगर / जयपुर 14/11/2026=में। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके की गुत्थी को सुलझाने में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस सनसनीखेज वारदात के तार पड़ोसी राज्य पंजाब से जुड़े होने की पुष्टि हुई है। पुलिस की विशेष टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि साजिश में मदद करने और पनाह देने के संदेह में एक होटल मालिक समेत तीन अन्य लोगों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की जा रही है।

आधी रात को रेंज आईजी करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार अलर्ट मोड पर हैं। बीकानेर रेंज के आईजी (महानिरीक्षक) आधी रात को एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेंगे। माना जा रहा है कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में धमाके के पीछे के मकसद, इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की प्रकृति और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित चेहरों के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी एजेंसियां प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सीमा पार कर पंजाब में शरण ली थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की और दबिश देकर उन्हें धर दबोचा। फिलहाल हिरासत में लिए गए होटल मालिक और अन्य संदिग्धों से यह जानने की कोशिश की जा रही है कि क्या वे इस साजिश का हिस्सा थे या उन्होंने अनजाने में आरोपियों को ठहरने की सुविधा दी।