रायपुर 13/11/2026:छत्तीसगढ़ के प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने वर्ष 2027 का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है, जिसके तहत कई प्रमुख भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं की तारीखों में बड़े बदलाव किए गए हैं।

न नए शेड्यूल के अनुसार सबसे बड़ा बदलाव आरक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत समूह-4 आरक्षक भर्ती परीक्षा पहले दिसंबर 2027 में प्रस्तावित थी, जिसे अब संशोधित करके मार्च और अप्रैल 2027 में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इस परीक्षा की तारीख पहले आने के कारण कैलेंडर में खाली हुई आरक्षित तिथि पर अब शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिससे राज्य के स्कूलों में रिक्त शिक्षक पदों की भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, व्यापम ने विभिन्न व्यावसायिक और शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली 11 परीक्षाओं के कार्यक्रम में भी संशोधन किया है। प्रशासनिक जरूरतों और विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किए गए हैं।
संशोधित कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 15 जून तक आयोजित होने वाली 11 प्रवेश परीक्षाओं में से 9 परीक्षाएं जो पहले रविवार को प्रस्तावित थीं, अब गुरुवार के दिन आयोजित की जाएंगी। वहीं, शेष दो प्रवेश परीक्षाएं रविवार को ही होंगी, लेकिन उनकी तारीखों में भी बदलाव किया गया है।
व्यापम के संयुक्त परीक्षा नियंत्रक केदार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर की अधिकांश प्रवेश परीक्षाएं रविवार को होती हैं। राज्य और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं एक ही दिन होने पर विद्यार्थियों को परीक्षा चयन में कठिनाई होती है, इसी टकराव को टालने के लिए 15 जून तक की प्रवेश परीक्षाओं को गुरुवार को आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के आधार पर तैयार किए गए इस नए परीक्षा कैलेंडर को अभ्यर्थी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।




