Latest News
स्वामी इंद्रदेव से छीना महामंडलेश्वर का पद; साध्वी हर्षानंद गिरी ने की सभी अखाड़ों में सख्ती की मांग CG Vyapam Exam Calendar 2027: व्यापम ने बदला परीक्षा शेड्यूल, आरक्षक भर्ती परीक्षा अब मार्च-अप्रैल में होगी छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल पर प्रशासन का कड़ा रुख: 34 और निलंबित, कुल संख्या 141 पहुंची विश्व डायबिटीज दिवस स्पेशल: शिवाय हॉस्पिटल की अनूठी पहल – मात्र ₹2000 में कराएं 5 महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच, कोरबा में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का बड़ा संदेश UP Election 2027: कौन बनेगा उत्तर प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री? ताजा सर्वे में चौंकाने वाले आंकड़े आए सामने बॉम्बे हाउस में फिर सुलगी तकरार: बैठक की रिकॉर्डिंग पर आमने-सामने आए टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स
Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़ में आज से तहसीलदारों का सामूहिक अवकाश, एग्रीस्टैक और पीवी ऐप की तकनीकी खामियों के खिलाफ खुला मोर्चा

छत्तीसगढ़ में आज से तहसीलदारों का सामूहिक अवकाश, एग्रीस्टैक और पीवी ऐप की तकनीकी खामियों के खिलाफ खुला मोर्चा

Share:

रायपुर 13/11/2026: छत्तीसगढ़ में राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। पटवारियों के बाद अब प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी मैदान में उतर आए हैं। एग्रीस्टैक पोर्टल, पीवी ऐप और डिजिटल क्रॉप सर्वे में आ रही तकनीकी खामियों के विरोध में छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर आज (शुक्रवार, 13 नवंबर 2026) सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार एकदिवसीय सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।

धान खरीदी के इस बेहद अहम दौर में राजस्व अधिकारियों के इस फैसले से प्रशासनिक कामकाज के ठप होने की आशंका है। इसके चलते किसानों के धान पंजीयन, रकबा सुधार और सत्यापन से जुड़े कार्य बुरी तरह प्रभावित हो सकते हैं। संघ का कहना है कि पटवारी स्तर पर हजारों किसानों के अनुमोदन लंबित पड़े हैं और पटवारियों के आंदोलन के कारण इन मामलों का कोई विकल्प नहीं निकल पा रहा है। इसके अलावा, पीवी ऐप में भौतिक सत्यापन पूरा होने के बावजूद प्रकरण डिजिटल क्रॉप सर्वे में अटके हुए हैं, जिससे किसानों के धान खरीदी के लिए टोकन नहीं कट पा रहे हैं।

तहसीलदारों की यूजर आईडी में भी इन तकनीकी समस्याओं के निराकरण का कोई विकल्प उपलब्ध नहीं कराया गया है। कई जगहों पर किसानों के रिकॉर्ड में धान का रकबा कम दर्ज होने या दूसरी फसल प्रदर्शित होने की शिकायतें मिल रही हैं, जिसके कारण किसानों को कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

इस संबंध में गुरुवार को बिलासपुर में राजस्व अधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। हालांकि, संघ ने यह स्पष्ट किया है कि वे हड़ताल पर नहीं हैं, बल्कि सेवा नियमों के तहत व्यक्तिगत अवकाश लेकर तकनीकी खामियों के समाधान की मांग कर रहे हैं ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।