रायपुर 26 अक्टूबर 2026 BJP Office Discipline : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार को बीजेपी प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दो दिवसीय दौरे के दौरान पार्टी कार्यालय में बेहद सख्त और अनुशासित व्यवस्था देखने को मिली। प्रदेश कार्यालय में सत्ता और संगठन की बैठकों के दौरान कड़े नियमों का पालन कराया गया, जिसके तहत मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को भी विशेष छूट नहीं दी गई।
बैठक के दौरान किसी भी मंत्री या वरिष्ठ नेता को अपनी गाड़ियों के साथ प्रदेश कार्यालय के अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड्स ने छत्तीसगढ़ के मंत्री खुशवंत साहेब के काफिले को भी अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद मंत्री को गाड़ी गेट के बाहर छोड़कर पैदल ही प्रदेश कार्यालय के अंदर जाना पड़ा।

खुशवंत साहेब के अलावा पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय और वरिष्ठ नेता धरमलाल कौशिक समेत अन्य सभी मंत्रियों व नेताओं के काफिलों को भी गेट के बाहर ही रोक दिया गया। सिर्फ मंत्रियों की गाड़ियों पर ही नहीं, बल्कि सुरक्षा और गोपनीयता के लिहाज से कार्यालय के अंदर प्रवेश करने वाले सभी वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के मोबाइल फोन भी बाहर ही रखवा लिए गए थे।
चुनिंदा लोगों को ही मिली एंट्री और कोर ग्रुप की बैठक स्थगित
कार्यालय में चल रही बैठकों को लेकर अनुशासन का दायरा आगंतुकों पर भी सख्ती से लागू किया गया। मीटिंग में केवल उन्हीं कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को प्रवेश दिया गया, जिनके नाम पहले से तय सूची में शामिल थे। सूची में नाम न होने के कारण पार्टी के कई पदाधिकारियों को बिना मीटिंग में शामिल हुए ही वापस लौटना पड़ा।
इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी की मुलाकात प्रदेश कार्यालय में हुई। मुलाकात के बाद दोनों नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने के लिए अभनपुर रवाना हुए। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव भी मौजूद नहीं थे और मन की बात सुनने के लिए केवल पूर्व निर्धारित लोगों को ही साथ रखा गया था।
वहीं, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार शाम को होने वाली बीजेपी प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक के समय में बदलाव किया गया है। अब यह महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को होगी, जिसमें प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी जमीनी स्तर से फीडबैक लेने के बाद नेताओं के साथ चर्चा करेंगी।



