DJ बजाने वालों पर पुलिस का शिकंजा
कोरबा 27 सितंबर 2026 Noise Pollution Action :गणेश उत्सव के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ कोरबा पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत कोलाहल अधिनियम, सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय और एनजीटी (NGT) के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान अब तक कोलाहल अधिनियम के तहत 18 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इसके साथ ही 14 डीजे वाहन, 84 डीजे बॉक्स और 32 अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण (जैसे मिक्सर मशीन और एम्पलीफायर) जब्त किए गए हैं। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल नियमों और ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध की गई है।
दूसरी ओर, शासन और न्यायालय के निर्देशों का पालन करने वाली गणेश उत्सव समितियों के प्रति पुलिस का रवैया पूरी तरह सहयोगात्मक रहा। इस बार अधिकांश समितियों ने डीजे के बजाय ढोल, ताशा, नगाड़ा और मांदर जैसे छत्तीसगढ़ी पारंपरिक वाद्य यंत्रों तथा राउत नाचा व कर्मा जैसे लोक नृत्यों को प्राथमिकता दी। स्थानीय बैंड पार्टियों और लोक कलाकारों को मंच मिलने से सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला और कलाकारों में उत्साह देखा गया।
कोरबा पुलिस ने सभी उत्सव समितियों और डीजे संचालकों से अपील की है कि वे भविष्य में भी निर्धारित ध्वनि सीमा और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल में त्योहार मनाएं।




