अंबिकापुर 14 सितंबर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले स्थित अंबिकापुर शहर में बीए प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा अंतरा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र नेता ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका पटपरिया इलाके में अपने जीजा नीलेश कुमार गुप्ता के घर रहकर पीजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। शनिवार रात उसने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

परिजनों का आरोप है कि मुक्तिपारा निवासी ज्ञान तिवारी (उपाध्यक्ष, NSUI संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय इकाई) मोबाइल में चैट और वीडियो होने की बात कहकर छात्रा को लगातार ब्लैकमेल और प्रताड़ित कर रहा था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डिलीट चैट रिकवर करने में जुटी पुलिस
गांधीनगर थाना पुलिस ने मृतका और आरोपी दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों की ओर से मोबाइल से चैट डिलीट की जा चुकी है। थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा ने बताया कि पुलिस साइबर टीम की मदद से डिलीट की गई चैट और तकनीकी साक्ष्यों को रिकवर करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस ने की निलंबन की कार्रवाई
मामला तूल पकड़ते ही जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान तिवारी को संगठन के सभी पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। 24 घंटे में कारण बताओ नोटिस का जवाब न मिलने पर यह कदम उठाया गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि तीन दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उसे स्थायी रूप से निष्कासित कर दिया जाएगा।







