मुंबई 7 सितंबर Religion and Politics : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने देश में बढ़ते धार्मिक उन्माद और राजनीति पर तीखा हमला बोला है। रविवार को ठाणे में मनसे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने साफ कहा कि अपने धर्म पर गर्व और भगवान में आस्था होना अच्छी बात है, लेकिन धार्मिक कट्टरपंथी बनना देश को सिर्फ बर्बादी की ओर ले जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता का ध्यान बुनियादी मुद्दों से भटकाने और नफरत भड़काने के लिए यह माहौल जान-बूझकर बनाया जा रहा है।

‘बाबा’ के अजीबो-गरीब दावों पर राज ठाकरे का तंज
अपने भाषण के दौरान राज ठाकरे ने कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज का नाम लिए बिना उन पर जमकर निशाना साधा। टीवी पर प्रवचन देने वाले बाबाओं पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “शरीर पर भस्म और घुंघराले बालों वाले एक बाबा टीवी पर आकर जो मन में आता है, बकवास करते रहते हैं। वह दावा करते हैं कि राम-रावण युद्ध में रावण के 1 लाख बेटे और 1.5 लाख पोते मारे गए थे। रावण के 10 सिर थे, लेकिन क्या उसके 1 लाख बच्चे थे? क्या उसे खाने-पीने का भी समय मिलता था?”
इसी क्रम में राज ठाकरे ने बाबा के ‘ऑस्ट्रेलिया’ वाले बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि बाबा का दावा है कि श्रीराम के कहने पर हनुमान जी शक्तिशाली हथियारों को 10,000 किलोमीटर दूर ‘अस्त्रालय’ में रख आए थे, जो बाद में ‘ऑस्ट्रेलिया’ बन गया। ठाकरे ने हंसते हुए पूछा कि अगर ‘अस्त्रालय’ ऑस्ट्रेलिया बन गया, तो फिर हॉलैंड, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का नाम कहां से आया? इस टिप्पणी पर सभा में खूब ठहाके लगे।
त्योहारों में डीजे, डॉल्बी और लेजर लाइट पर जताई चिंता
राज ठाकरे ने महाराष्ट्र में त्योहारों के दौरान बढ़ रहे डीजे, डॉल्बी साउंड सिस्टम और लेजर लाइट के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या हम महाराष्ट्र में उत्तर भारत का कल्चर अपना रहे हैं? ‘गोविंदा’ उत्सव के दौरान महिलाओं को स्टेज पर नचाने जैसी बातें यूपी-बिहार में आम हो सकती हैं, लेकिन महाराष्ट्र को अपनी संस्कृति के हिसाब से ही त्योहार मनाने चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि डॉल्बी की तेज आवाज दिल के मरीजों के लिए जानलेवा है और लेजर लाइटें आंखों को नुकसान पहुंचा रही हैं। लोकमान्य तिलक ने जिन महान उद्देश्यों के साथ सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत की थी, आज उन त्योहारों का स्वरूप बिगड़ चुका है। उन्होंने अपील की कि धर्म के नाम पर लोगों को अपना होश नहीं खोना चाहिए।
📍








