कोरबा 5 सितंबर Rescue Operation। मिनी माता हसदेव बांगो बांध से पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी का जलस्तर और बहाव बेहद तेज हो गया है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदुरमाल में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जहां नदी में नहाने गया 15 वर्षीय किशोर सूरज महंत पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।

ग्राम कुदुरमाल निवासी सुरेश महंत का पुत्र सूरज गुरुवार सुबह करीब 7 बजे नदी में नहाने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते समय अचानक सूरज का संतुलन बिगड़ा और वह देखते ही देखते नदी के उफान में बह गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस बल, SDRF और गोताखोरों की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
अंधेरे के कारण रुका था अभियान, शुक्रवार को फिर शुरू हुई तलाश
हसदेव नदी के तीव्र प्रवाह के कारण रेस्क्यू टीम को तलाश अभियान में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। बहने की आशंका को देखते हुए टीम ने नदी के निचले और आसपास के काफी बड़े हिस्से में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन गुरुवार देर शाम तक किशोर का कोई पता नहीं चल सका। कम रोशनी और अंधेरा होने के कारण गुरुवार को रेस्क्यू रोकना पड़ा था, जिसे शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किया गया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
#







