कोरबा 4 सितंबर। देश के प्रमुख विद्युत गृहों में शुमार एनटीपीसी (NTPC) कोरबा में शुक्रवार को एक बड़ा तकनीकी व्यवधान आ गया। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (PGCIL) बे के ब्रेकर की टेस्टिंग के दौरान अचानक भारी इलेक्ट्रिकल फॉल्ट हो गया। इसके असर से एनटीपीसी कोरबा प्लांट की सातों की सातों उत्पादन इकाइयां (यूनिटें) एक साथ ट्रिप हो गईं।

ग्रिड और उत्पादन पर असर, उठे सुरक्षा सवाल यूनिटों के अचानक बंद होने से कोरबा और उसके आसपास के इलाकों में करीब डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही और अंधेरा छा गया। इस भीषण फॉल्ट के कारण एनटीपीसी को लगभग ₹100 करोड़ के वित्तीय नुकसान की शुरुआती आशंका जताई जा रही है, हालांकि नुकसान का सटीक आंकड़ा यूनिटों के पूर्णतः बहाल होने के बाद ही साफ हो पाएगा। इस घटना ने PGCIL की टेस्टिंग प्रक्रिया और विद्युत सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुनर्बहाली का काम तेजी पर एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) के अनुसार, फॉल्ट की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों और इंजीनियर्स की टीम प्लांट को दोबारा चालू करने में जुट गई है। देर रात तक सातों यूनिटों को रिवाइव कर स्थिति को सामान्य कर लेने की संभावना जताई गई है। घटना की विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही फॉल्ट की मूल वजह स्पष्ट हो सकेगी।







