कोरबा 25 अगस्त। कुसमुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत खोडरी मोड़ के पास मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुआ।

ग्राम सराइसिंगार के रहने वाले फूल सिंह, उनके पुत्र नरसिंह सिंह और गांव के यशवंत सिंह एक ही मोटरसाइकिल (CG 12 BJ 5644) पर सवार होकर गेवरा की ओर जा रहे थे। खोडरी मोड़ के पास सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 12 BU 2420) ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरसिंह सिंह ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल यशवंत सिंह को डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। सूचना मिलने पर कुसमुंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। गांव में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से शोक की लहर है।








